छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री ओंकार साहू आज ग्राम भोयना में आयोजित माँ शीतला भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में म...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री ओंकार साहू आज ग्राम भोयना में आयोजित माँ शीतला भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने माँ शीतला की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा ग्रामवासियों के साथ इस पावन अवसर के सहभागी बने।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री ओंकार साहू ने कहा कि माँ शीतला भवन ग्राम की आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का केंद्र बनेगा। ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक स्थल समाज में भाईचारा, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने माँ शीतला से प्रार्थना की कि समस्त क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य का संचार हो तथा सभी लोगों का जीवन खुशहाल और निरोगी बने।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धमतरी ग्रामीण के अध्यक्ष खिलेन्द ध्रुव ने कहा कि माँ शीतला भवन का लोकार्पण ग्रामवासियों की आस्था और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। विधायक ओंकार साहू क्षेत्र की जनता की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए विकास कार्यों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी निरंतर प्रोत्साहित कर रहे हैं। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।
ग्राम पंचायत भोयना की सरपंच श्रीमती पार्थी राजू ध्रुव ने अपने संबोधन में कहा कि माँ शीतला भवन का निर्माण ग्रामवासियों के लंबे समय से जुड़े सपने की पूर्ति है। इस भवन के लोकार्पण से पूरे गांव में हर्ष का वातावरण है। उन्होंने विधायक ओंकार साहू का कार्यक्रम में शामिल होकर ग्रामवासियों का उत्साह बढ़ाने एवं ग्राम के विकास के प्रति निरंतर सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह भवन भविष्य में धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा और गांव की एकता को और अधिक मजबूत करेगा।कार्यक्रम के अंत में सभी ने माँ शीतला से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


No comments