छत्तीसगढ़ कौशल न्युज अभनपुर: - ग्रेसियस कॉलेज एवं दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत स...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
अभनपुर:- ग्रेसियस कॉलेज एवं दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार, क्षेत्रीय निदेशालय रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में कॉलेज परिसर में एक दिवसीय करियर गाइडेंस एवं जॉब ओरिएंटेशन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार के विविध अवसरों, सही करियर चयन तथा वर्तमान कार्यक्षेत्र की आवश्यकताओं के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रिया तिवारी ने अतिथियों एवं वक्ताओं का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को करियर के प्रति सजग रहने और अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
संस्था के संचालक डॉ. आशुतोष शुक्ला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान दौर प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ अपार संभावनाओं का भी है। सही समय पर सही मार्गदर्शन और अनुशासन सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से किताबी ज्ञान के साथ-साथ अपने कौशल, संचार क्षमता एवं व्यावहारिक ज्ञान को विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य विषय विशेषज्ञ एवं वक्ता श्री पी.वी. रत्नपारखी, क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी, दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड, क्षेत्रीय निदेशालय रायपुर, छत्तीसगढ़ ने प्रभावी पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को करियर निर्माण की विभिन्न बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने सरकारी एवं निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों के साथ स्वरोजगार के विकल्पों पर भी विस्तार से जानकारी दी।उन्होंने सॉफ्ट स्किल्स एवं व्यक्तित्व विकास की आवश्यकता बताते हुए संचार कौशल, आत्मविश्वास और इंटरव्यू की तैयारी के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। साथ ही भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा युवाओं के कौशल विकास एवं करियर प्रोत्साहन के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इंटरैक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने करियर, रोजगार एवं जॉब प्रोफाइल से जुड़े सवाल पूछे, जिनका वक्ताओं ने सरल, व्यावहारिक एवं प्रेरणादायक तरीके से समाधान किया।कार्यक्रम का मंच संचालन रसायन शास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक श्री तीरथ साहू एवं प्रबंधन विभाग की सहायक प्राध्यापक श्रीमती युतिका तिवारी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर कंप्यूटर विभाग के सहायक प्राध्यापक श्री नीरज शर्मा ने दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड के पदाधिकारियों, आमंत्रित वक्ताओं, कॉलेज प्रबंधन, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी महाविद्यालय की मीडिया प्रभारी सहायक प्राध्यापक डॉ. मुक्ता कौशिक ने दी।


No comments