Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

ब्रेकिंग :

latest

वरिष्ठजन बोझ नहीं, समाज की अमूल्य धरोहर - घनश्याम देवांगन

छत्तीसगढ़ कौशल न्युज  भिलाई:- विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस की पूर्व संध्या पर वरिष्ठजनों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए कार्यरत व...


छत्तीसगढ़ कौशल न्युज 

भिलाई:- विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस की पूर्व संध्या पर वरिष्ठजनों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए कार्यरत वरिष्ठजन कल्याण महासंघ के तत्वावधान में सियान सदन, हाउसिंग बोर्ड, भिलाई में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर “वरिष्ठजन : अनुभव की पूंजी और समाज की अमूल्य धरोहर” विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। साथ ही पांच वरिष्ठ साहित्यकारों को “वरिष्ठजन साहित्य शिरोमणि सम्मान” से सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। महासंघ के पदाधिकारियों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. परदेशी राम वर्मा, आचार्य डॉ. महेश चंद्र शर्मा, डॉ. डी.पी. देशमुख, डॉ. नीलकंठ देवांगन, हेमलाल साहू ‘निर्मोही’, महासंघ अध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन, कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता एवं कांतिलाल विश्वकर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।

वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर

         संगोष्ठी में महासंघ अध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन ने कहा कि “वरिष्ठजन बोझ नहीं, बल्कि समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन का अनुभव, ज्ञान, संस्कार और संघर्ष नई पीढ़ी के लिए अनमोल मार्गदर्शक हैं।” उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों को केवल सम्मान तक सीमित न रखकर उनके अनुभव और प्रतिभा का समाज के विकास में सकारात्मक उपयोग किया जाना चाहिए। वरिष्ठजन कल, आज और आने वाली पीढ़ी के बीच सेतु का कार्य करते हैं।

पांच साहित्यकारों का सम्मान

हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी साहित्य में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. परदेशी राम वर्मा, आचार्य डॉ. महेश चंद्र शर्मा, डॉ. डी.पी. देशमुख, डॉ. नीलकंठ देवांगन एवं हेमलाल साहू ‘निर्मोही’ को “वरिष्ठजन साहित्य शिरोमणि सम्मान” प्रदान किया गया। उन्हें शॉल, श्रीफल, सम्मान पत्र एवं पेन भेंट कर सम्मानित किया गया।वहीं, विपरीत स्वास्थ्य परिस्थितियों और तीन ऑपरेशन के बावजूद सक्रियता एवं जीवटता के साथ समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने कांतिलाल विश्वकर्मा को “वरिष्ठजन विशिष्ट गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि उन्होंने 75 वर्ष की उम्र में इग्नू से इंडस्ट्रियल सेफ्टी में एमएससी की परीक्षा दी है। समारोह में 80 वर्ष से अधिक आयु के 18 वरिष्ठ नागरिकों का भी अंगवस्त्र, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ से सम्मान किया गया।

दो पुस्तकों का विमोचन

समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. नीलकंठ देवांगन की दो पुस्तकों “अंतस के पीरा” एवं “छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेल” का विमोचन किया गया। अतिथियों ने उनके साहित्यिक एवं सांस्कृतिक योगदान की सराहना की।गीत-संगीत और मार्शल आर्ट ने बांधा समां गायक जोसफ की अगुवाई में वरिष्ठजनों ने गीत-संगीत की प्रस्तुति दी। वहीं अभिषेक मार्शल आर्ट एवं स्पोर्ट्स एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने आत्मरक्षा तकनीकों पर आधारित प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 70 वर्ष से अधिक आयु की वरिष्ठ महिलाओं द्वारा प्रस्तुत योग एवं पिरामिड फॉर्मेशन रहा। वरिष्ठ महिलाओं के आत्मविश्वास, शारीरिक सक्रियता और सामूहिक समन्वय की उपस्थित लोगों ने सराहना की।वरिष्ठजनों के अनुभवों को नई पीढ़ी से जोड़ने पर जोर

            संगोष्ठी में डॉ. परदेशी राम वर्मा ने वरिष्ठजनों के अनुभवों को समाज की अमूल्य पूंजी बताया। आचार्य डॉ. महेश चंद्र शर्मा ने महासंघ द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के साथ मातृशक्ति एवं युवा शक्ति को जोड़ने के प्रयासों की सराहना की। डॉ. डी.पी. देशमुख ने कहा कि वरिष्ठजनों का सम्मान अपनी संस्कृति, परंपरा और जीवन-मूल्यों का सम्मान है। उन्होंने कला परंपरा से संबंधित पुस्तकें महासंघ को भेंट कीं।डॉ. नीलकंठ देवांगन, हेमलाल साहू ‘निर्मोही’, मंगलूराम देवांगन, कांतिलाल विश्वकर्मा एवं एन.एल. मौर्य ‘प्रीतम’ ने भी विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने वरिष्ठजनों से अपने जीवन अनुभव, ज्ञान एवं संस्कार नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया।

नशामुक्त समाज का लिया संकल्प

         कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं ने नशे के विरुद्ध जनजागरण तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। महासंघ ने समाज के सभी वर्गों से नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाने और स्वस्थ एवं संस्कारित समाज के निर्माण में सहभागिता की अपील की।कार्यक्रम का संचालन सुमन देवांगन एवं छाया विश्वकर्मा ने किया। आभार प्रदर्शन कांतिलाल विश्वकर्मा ने किया। समारोह में महासंघ के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं युवाओं सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

No comments