छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- पवित्र श्रावण मास के द्वितीय सोमवार के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधाय...
धमतरी:- पवित्र श्रावण मास के द्वितीय सोमवार के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू ने धमतरी की पावन धरा में विराजमान प्रसिद्ध रुद्रेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान शिव का पूजा-अर्चना कर समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। श्रावण मास के सोमवार के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान रुद्रेश्वर महादेव के दर्शन एवं पूजन-अर्चन के लिए पहुंचे। श्रीमती रंजना साहू ने भगवान भोलेनाथ के चरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए प्रदेश एवं धमतरी क्षेत्र की निरंतर उन्नति और खुशहाली की प्रार्थना की।
पूजा-अर्चना के पश्चात श्रीमती रंजना साहू महानदी तट की पावन भूमि पर आयोजित गंगा आरती में भी शामिल हुईं। रंजना साहू के साथ समस्त श्रद्धालुओं की उपस्थिति में विधि-विधान एवं भक्तिभाव के साथ गंगा आरती की गई। आरती के दौरान पूरा वातावरण हर-हर महादेव और जय मां गंगे के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का अत्यंत पवित्र महीना है, भगवान भोलेनाथ की भक्ति में अद्भुत शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है, सावन के सोमवार को रुद्रेश्वर महादेव के दर्शन एवं जलाभिषेक करने से मन को आध्यात्मिक शांति मिलती है और जीवन में नई ऊर्जा का संचार होता है। श्रीमती साहू ने आगे कहा कि धमतरी की पावन भूमि भगवान रुद्रेश्वर महादेव की कृपा से धन्य है, महानदी का तट हमारी आस्था, संस्कृति और परंपराओं का अभिन्न हिस्सा है, यहां गंगा आरती में श्रद्धालुओं के साथ शामिल होना मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य और आत्मिक आनंद का विषय है।
श्रीमती साहू ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति ने सदैव प्रकृति, नदियों और जल स्रोतों को देवतुल्य मानकर उनका संरक्षण करने की प्रेरणा दी है, महानदी हमारी जीवनदायिनी है, इसलिए इसकी स्वच्छता और संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। श्रीमती साहू ने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना करते हुए कहा कि धमतरी सहित पूरे छत्तीसगढ़ पर महादेव की कृपा बनी रहे, किसानों के खेतों में हरियाली आए, प्रदेश खुशहाल हो और प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख-शांति एवं समृद्धि का वास हो। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को श्रावण मास के द्वितीय सोमवार की शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर मुख्य रूप से भगवताचार्य श्री हरिशरण वैष्णव, बोलबम कांवरिया कल्याण संघ संरक्षक दाऊ कृष्ण कुमार गुप्ता, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती अनिता मुकेश यादव, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री श्रीमती बिथिका विश्वास, पार्षद एवं तहसील साहू समाज (शहर) अध्यक्ष श्रीमती चंद्रभागा साहू, पूर्व जनपद सदस्य श्रीमती जागेश्वरी साहू, भाजपा जिला महामंत्री राकेश कुमार साहू, एल्डरमैन श्रीमती सीमा चौबे सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी व श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।


No comments