छत्तीसगढ़ कौशल न्युज कुरूद:- भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाओं के विसर्जन के अवसर पर शनिवार की रात कुरूद में भक्ति, कला और उत्साह का अद्भुत संग...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
कुरूद:- भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाओं के विसर्जन के अवसर पर शनिवार की रात कुरूद में भक्ति, कला और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर की सड़कों पर निकली करीब 19 उत्सव समितियों की भव्य झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। शनिवार मध्यरात्रि से शुरू हुआ झांकियों का कारवां रविवार की सुबह तक चलता रहा। झांकियों को देखने के लिए नगर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। धूमाल की थाप, डीजे की गूंज, आकर्षक विद्युत सजावट और पुष्पवर्षा के बीच निकली झांकियों ने पूरे नगर को उत्सवमय बना दिया। प्रत्येक समिति ने अपनी झांकी में कला, संस्कृति, धर्म और सामाजिक संदेशों को अलग-अलग रूप में प्रस्तुत किया।
इस वर्ष झांकियों में नक्सलवाद की मुख्यधारा में वापसी और पुनर्वास का संदेश, बस्तर की जनजातीय संस्कृति, बाली-सुग्रीव युद्ध, नवगुंजरा के नौ अंगों का प्रतीकात्मक चित्रण तथा वीर बर्बरीक द्वारा भगवान श्रीकृष्ण को शीश दान जैसे प्रसंग प्रमुख रहे। वहीं स्वतंत्रता संग्राम के दौर में लाल-बाल-पाल की त्रिमूर्ति और गणेशोत्सव के माध्यम से राष्ट्रीय चेतना जागृत करने की ऐतिहासिक झलक भी प्रस्तुत की गई।
स्वागत मंचों पर हुआ झांकियों का अभिनंदन...झांकियों के स्वागत के लिए पुराने बाजार चौक में विभिन्न समितियों की ओर से मंच बनाए गए थे। बोल बम सेवा समिति के मंच पर नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर, समिति अध्यक्ष भानु चंद्राकर सहित खिल्लूं देवांगन, किशोर यादव, थानेश्वर तारक, कमल शर्मा, मुकेश कश्यप, केशव चंद्राकर एवं समिति सदस्यों ने भगवान गणेश की झांकियों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। झांकी दलों एवं समिति पदाधिकारियों का सम्मान कर उन्हें स्मृति-चिह्न भी भेंट किए गए।वहीं आजाद हिंदू युवा मंच के मंच पर भाजयुमो नेता अनुराग चंद्राकर, भूपेंद्र सिन्हा, करण नाग सहित युवाओं ने झांकियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और झांकी दलों का आतिथ्य सत्कार किया।
मुस्तैद रहा पुलिस प्रशासन...विशाल विसर्जन जुलूस के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन का अमला तैनात रहा। पुलिस की मुस्तैदी के बीच गणेश विसर्जन का यह आयोजन शांतिपूर्ण एवं गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। सुबह तक नगर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।


No comments