छत्तीसगढ़ कौशल न्युज बलौदाबाजार:- थाना सिमगा क्षेत्र के लंबित मामलों में कार्रवाई की मांग को लेकर जिला साहू संघ अध्यक्ष सुनील साहू के नेतृत...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
बलौदाबाजार:- थाना सिमगा क्षेत्र के लंबित मामलों में कार्रवाई की मांग को लेकर जिला साहू संघ अध्यक्ष सुनील साहू के नेतृत्व में साहू समाज ने मंगलवार को जोरदार मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में समाजजन, पीड़ित परिवार और ग्रामीण थाना सिमगा पहुंचे और लंबित मामलों में तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर थाना परिसर में धरने पर बैठ गए। धरना रात करीब 10 बजे तक जारी रहा।धरने में भाटापारा विधायक इंद्र साव भी पीड़ित परिवारों और साहू समाज के साथ मौजूद रहे। उन्होंने थाना प्रभारी धीरेंद्र दुबे से लंबित मामलों में अब तक कार्रवाई नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई। इस दौरान एसडीओपी तारेस साहू ने मामलों में कार्रवाई के लिए पांच दिन का समय मांगा।
सुनील साहू ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
जिला साहू संघ अध्यक्ष सुनील साहू ने पुलिस प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि संबंधित मामलों में पांच दिन के भीतर कार्रवाई नहीं होती है तो साहू समाज उग्र आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि समाज अपने लोगों के साथ खड़ा है और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। सुनील साहू ने कहा कि समाज का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से मामले लंबित रहने के कारण पीड़ित परिवार परेशान हैं और अब समाज चुप नहीं बैठेगा।
चार माह से अधिक समय से लंबित हैं आवेदन बताया गया कि संबंधित मामलों में थाना सिमगा में आवेदन दिए हुए चार माह से अधिक समय बीत चुका है। इसके बावजूद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होने को लेकर पीड़ित परिवारों और समाज में नाराजगी है।
महिला से मारपीट और अभद्रता का आरोप
ग्राम चंदियापथरा निवासी रीना साहू पति हीरालाल साहू ने आरोप लगाया है कि 22 अप्रैल की रात करीब 8 बजे धनराज गिधौड़े अपने भाई ईश्वर गिधौड़े के साथ फावड़ा लेकर उसके घर में घुसा। महिला का आरोप है कि दोनों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की तथा साड़ी-ब्लाउज फाड़कर बेइज्जत करने का प्रयास किया। महिला के चिल्लाने पर पड़ोसियों के पहुंचने के बाद उसे बचाया गया। मामले को लेकर थाना सिमगा में आवेदन दिए जाने की बात कही गई है। सामाजिक बहिष्कार और धमकी का आरोप दूसरे मामले में ग्राम चंदियापथरा निवासी हीरालाल साहू ने ओम सेठिया पर सामाजिक बहिष्कार करने और जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पिछले करीब दस वर्षों से इस तरह की हरकतों के कारण वे और उनका परिवार भय में जीवन जी रहे हैं। हीरालाल साहू ने गांव की करीब 70 एकड़ सरकारी जमीन, जिसमें खेल मैदान, चारागाह एवं सीलिंग की जमीन शामिल होने का दावा किया गया है, पर अवैध कब्जे का आरोप भी लगाया है। उन्होंने उच्च अधिकारियों से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने की बात कही।
पुलिस ने कहा...उच्च अधिकारियों के स्तर पर हो रही जांच थाना प्रभारी धीरेंद्र दुबे ने कहा कि दोनों मामलों की जांच उच्च अधिकारियों द्वारा की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच उच्च अधिकारियों के स्तर पर होने के कारण फिलहाल उनके स्तर से एफआईआर दर्ज नहीं की जा सकती।वहीं, साहू समाज ने स्पष्ट किया कि यदि पांच दिन के भीतर कार्रवाई नहीं होती है तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। धरने में बड़ी संख्या में समाजजन रहे मौजूद धरने में जिला साहू संघ अध्यक्ष सुनील साहू, भाटापारा विधायक इंद्र साव, जिला महिला संगठन सचिव अनुपा साहू, सिमगा तहसील अध्यक्ष रामनाथ साहू, तहसील उपाध्यक्ष भुवन लाल साहू, दामाखेड़ा परिक्षेत्र अध्यक्ष मांधाता साहू, हथबंद परिक्षेत्र अध्यक्ष कुंजराम साहू, सिमगा ग्रामीण परिक्षेत्र अध्यक्ष शेषनारायण साहू, दामाखेड़ा परिक्षेत्र उपाध्यक्ष भीषम साहू, लक्ष्मणा परिक्षेत्र अध्यक्ष सुशील साहू सहित सिमगा तहसील के समस्त ग्रामीण अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में साहू समाज के लोग मौजूद रहे।


No comments