छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- छत्तीसगढ़ के प्रमुख लोकपर्व हरितालिका तीजा तिहार के अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष केशव साहू ने क्षेत्रवासि...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- छत्तीसगढ़ के प्रमुख लोकपर्व हरितालिका तीजा तिहार के अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष केशव साहू ने क्षेत्रवासियों, विशेषकर तीजहारिन माताओं एवं बहनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।केशव साहू ने कहा कि तीजा तिहार हमारी समृद्ध लोकपरंपरा, अखंड सौभाग्य और परिवार की खुशहाली से जुड़ा पावन पर्व है। इस अवसर पर माताएं एवं बहनें पति की दीर्घायु तथा परिवार के सुख-समृद्धि की कामना के साथ निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करती हैं।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में तीजा तिहार बड़े उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाता है। तीजा के अवसर पर विवाहित महिलाएं ससुराल से मायके आती हैं। तीजा पर्व के एक दिन पूर्व करूभात ग्रहण करने के बाद महिलाएं निर्जला व्रत रखती हैं। मान्यता है कि इस व्रत से भगवान शिव और माता पार्वती अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद प्रदान करते हैं। वहीं कुंवारी कन्याएं भी मनचाहे वर की कामना से यह व्रत रखती हैं।
जनपद पंचायत उपाध्यक्ष केशव साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोकपर्व हमारी संस्कृति और परंपरा की पहचान हैं। इनका संरक्षण एवं संवर्धन करते हुए आने वाली पीढ़ी को भी अपनी लोकसंस्कृति और परंपराओं से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने तीजा तिहार को आपसी प्रेम, भाईचारे और पारिवारिक स्नेह का पर्व बताते हुए सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।उन्होंने कहा कि तीजा तिहार भादो माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है, इसलिए इसे तीजा कहा जाता है। छत्तीसगढ़ में इसे ‘बेटी-माई के तिहार’ के रूप में भी विशेष महत्व प्राप्त है। जन्माष्टमी के बाद मायके से पिता, भाई या भतीजे अपनी बहनों-बेटियों को तीजा मनाने के लिए ससुराल से मायके लेकर आते हैं। इससे मायके और ससुराल के बीच स्नेह तथा पारिवारिक रिश्तों की मिठास और मजबूत होती है।
केशव साहू ने तीजहारिन माताओं एवं बहनों को तीजा तिहार की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।


No comments