छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- आंगनबाड़ी केंद्र अमेठी में आंगन मिलन सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्र...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- आंगनबाड़ी केंद्र अमेठी में आंगन मिलन सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं, स्वास्थ्य जागरूकता, पोषण तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर ग्रामीणों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से बच्चों, महिलाओं एवं ग्रामीण परिवारों के लिए किए जा रहे कार्यों को रेखांकित करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच कुंदन नेताम ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य एवं इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं जनकल्याण से जुड़ी जानकारियों को घर-घर तक पहुंचाने में मदद मिलती है। उन्होंने ग्रामीणों से अभियान से जुड़कर सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने की अपील की।
घर-घर मुनगा लगाने पर दिया जोर
सरपंच कुंदन नेताम ने कार्यक्रम के दौरान घर-घर मुनगा के पौधे लगाने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया। उन्होंने मुनगा को पोषण की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए इसके नियमित उपयोग से मिलने वाले पोषक तत्वों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार अपने घर के आसपास मुनगा का पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, ताकि परिवार को स्थानीय स्तर पर पौष्टिक आहार का स्रोत मिल सके। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पोषण जागरूकता को भी बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी
कार्यक्रम में स्वास्थ्य सुपरवाइजर डॉ. एन.के. कश्यप ने उपस्थित ग्रामीणों को स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने परिवारों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में भी जानकारी दी।
विभागीय योजनाओं की दी जानकारी
महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं महिलाओं के लिए पोषण, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से विभागीय योजनाओं का लाभ लेने तथा योजनाओं से संबंधित जानकारी के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क करने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन द्वारा गांव में स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता सहित विभिन्न गतिविधियों में दिए जा रहे योगदान की सराहना की गई। उनके कार्यों को प्रोत्साहित करते हुए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों की सहभागिता रही और सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।


No comments