छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
कोरबा:- प्रत्येक वर्ष की भाँति इस वर्ष भी विश्व हिंदी साहित्य सेवा संस्थान, के युवा संसद द्वारा राष्ट्रीय हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में 18 सितंबर 2026 को सेजेस कन्या हिंदी माध्यम, पसान, विकास खंड पोंडी उपरोड़ा, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पसान तहसीलदार विरेन्द्र कुमार श्याम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके कर-कमलों से विजेता छात्राओं को प्रमाण-पत्र, पेन एवं नगद पुरस्कार राशि प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता, मार्गदर्शन एवं प्रस्तावना विद्यालय के प्राचार्य श्री रघुबीर सिंह तंवर ने की। विद्यालय की छात्राओं ने उत्साह एवं उमंग के साथ मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। स्वागत उद्बोधन श्रीमती सपना खोब्रागढ़े, अतिथि परिचय राजू दास चंद्रा, संचालन लक्ष्मीकांत वैष्णव ‘मनलाभ’ एवं आभार श्रीमती प्रियंका जायसवाल ने व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि श्री विरेन्द्र कुमार श्याम ने छात्राओं से सहज संवाद करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अनुशासन, लक्ष्य के प्रति गंभीरता एवं निरंतर तैयारी के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने प्रशासनिक विभाग के कार्यों की जानकारी साझा करने के साथ छात्राओं को उनके संकाय एवं रुचि के अनुसार करियर संबंधी मार्गदर्शन भी दिया। छात्राओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्होंने अपने जीवन के अनुभव सरल एवं सहज तरीके से साझा किए।
तहसीलदार महोदय ने हिंदी के उद्भव एवं विकास की जानकारी देते हुए परीक्षा की तैयारी के लिए उपयोगी सुझाव भी दिए। उन्होंने आगामी बोर्ड परीक्षा में सेजेस हिंदी माध्यम, पसान के टॉपर विद्यार्थियों को व्यक्तिगत रूप से पुरस्कृत करने की घोषणा की। इस घोषणा पर कार्यक्रम में उपस्थित विद्यालय परिवार एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक तालियों के साथ उनका अभिवादन किया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में निमेश चंद्र दुबे, विवेक प्रकाश यादव, संजीव कुमार एवं गणपत राम ओग्रे का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार द्वारा विश्व हिंदी साहित्य सेवा संस्थान एवं उसके पदाधिकारियों के प्रति आयोजन एवं छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए आभार व्यक्त किया गया।विद्यालय की समस्त छात्राओं एवं स्टाफ की उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।


