छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
कुरूद:- नगर में नवरात्र उत्सव 2026 के समापन पर दस स्थानों पर विराजित मां दुर्गा की प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। इस दौरान पूरा नगर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने बाजे-गाजे, सेवा गीत, अखाड़े और आकर्षक झांकियों के साथ झूमते-गाते मां दुर्गा को भावपूर्ण विदाई दी।विसर्जन यात्रा के दौरान पुराना बाजार में बोल बम सेवा समिति द्वारा स्वागत मंच बनाया गया था। यहां नगर पालिका परिषद कुरूद की अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर, बोल बम सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, नगरपालिका के पार्षदों और गणमान्य नागरिकों ने विसर्जन यात्रा में शामिल दुर्गा उत्सव समितियों का स्वागत-अभिनंदन किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के जयकारे लगाए और अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की।
नवरात्र के नौ दिनों तक पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों से गुलजार रहे दुर्गा पंडालों में विसर्जन के साथ उत्सव का समापन हुआ। मां दुर्गा की विदाई के दौरान श्रद्धालुओं में जहां भक्ति और उत्साह दिखाई दिया, वहीं माता को विदा करते समय भावुकता का माहौल भी रहा।
भानु चंद्राकर ने जताया आभार
बोल बम सेवा समिति कुरूद के अध्यक्ष भानु चंद्राकर ने विसर्जन यात्रा में शामिल समस्त श्रद्धालुओं, दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्यों, नगरवासियों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनका वंदन-अभिनंदन किया। उन्होंने नवरात्र उत्सव को श्रद्धा, सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव के साथ संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।




