छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
छाती:- ग्राम छाती में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी ग्रामीण सर्व समाज उत्सव समिति के तत्वावधान एवं ग्राम पंचायत छाती के विशेष सहयोग से भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया गया। बाजार चौक स्थित हृदय स्थल पर दशहरा उत्सव समिति के कलाकारों ने राम-रावण युद्ध का शानदार मंचन किया। इस दौरान मेघनाथ, कुंभकर्ण और रावण वध के दृश्य प्रस्तुत किए गए, जिन्हें देखकर उपस्थित दर्शक भावविभोर हो उठे। भगवान श्रीराम द्वारा 35 फीट ऊंचे रावण के वध के साथ ही पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुरूद के पूर्व विधायक लेखराम साहू, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश शर्मा एवं धमतरी के महेंद्र पंडित सहित ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच, पंचगण, कृषि समिति, न्याय समिति, सुरक्षा समिति के सदस्य तथा सर्व समाज के प्रमुखजन उपस्थित रहे।दशहरा उत्सव में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। राम-रावण युद्ध के मंचन ने लोगों को धर्म की अधर्म पर विजय का संदेश दिया। आयोजन के दौरान शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहा और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।उक्त जानकारी दशहरा उत्सव समिति के मैनेजर नरेंद्र कुमार साहू ने दी।


