छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
कुरूद :- नगर पालिका परिषद कुरूद के उपाध्यक्ष एवं लगातार तीन बार पार्षद निर्वाचित देवव्रत साहू ने दिल्ली में आयोजित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर मार्च में शामिल होने के दौरान छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत से उनके दिल्ली स्थित निवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय संवाद किया और उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।करीब एक घंटे तक चली मुलाकात में कुरूद विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, स्थानीय समस्याओं, जनता की अपेक्षाओं और कांग्रेस संगठन की गतिविधियों पर चर्चा हुई। देवव्रत साहू ने क्षेत्र में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।
पिता स्व. डॉ. चन्द्रहास साहू के योगदान को किया याद
मुलाकात के दौरान देवव्रत साहू ने कुरूद के पूर्व विधायक स्व. डॉ. चन्द्रहास साहू के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए चिकित्सा सेवा, उच्च शिक्षा, नगरीय विकास, जनकल्याण और सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि उनके पिता के जनसेवा के आदर्श आज भी उनके लिए प्रेरणास्रोत हैं।
सहज नेतृत्व से कार्यकर्ताओं में नई उम्मीदें
देवव्रत साहू ने कहा कि प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत का सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व तथा कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद करने की शैली संगठन के लिए सकारात्मक संदेश है। शीर्ष नेतृत्व और जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच सीधा संवाद संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।उन्होंने विश्वास जताया कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ कांग्रेस में युवाओं की सक्रियता, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और संगठनात्मक समन्वय को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने आगामी समय में कांग्रेस की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
देवव्रत साहू ने कहा कि वे कुरूद विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने, युवाओं को संगठन से जोड़ने और कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए निरंतर सक्रिय रहेंगे।


