छत्तीसगढ़ कौशल न्युज मगरलोड:- धमतरी जिले के मगरलोड ब्लॉक अंतर्गत ग्राम नारधा में 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर मगरलोड पुलिस द्वारा साइब...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
मगरलोड:- धमतरी जिले के मगरलोड ब्लॉक अंतर्गत ग्राम नारधा में 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर मगरलोड पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों को साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।धमतरी पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नारधा में पुलिस ने लोगों को साइबर अपराध से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि वर्तमान समय में ऑनलाइन लेनदेन बढ़ने के साथ साइबर ठगी के मामले भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, UPI PIN, CVV, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। ऑनलाइन भुगतान करने से पहले प्राप्तकर्ता की जानकारी अच्छी तरह जांचने की सलाह दी गई।अभियान के दौरान अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध कॉल या मैसेज से सावधान रहने, सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा मजबूत रखने तथा डिजिटल लेनदेन में सतर्कता बरतने की जानकारी दी गई। साथ ही लोगों को फिशिंग, फर्जी लिंक, OTP फ्रॉड और 'डिजिटल अरेस्ट' जैसी साइबर ठगी के तरीकों के बारे में भी समझाया गया।
पुलिस ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो वह घबराने के बजाय तत्काल अपने बैंक या संबंधित सेवा प्रदाता को सूचना दे और साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराए। अभियान के माध्यम से नागरिकों से साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की गई।यह राज्यव्यापी साइबर जागरूकता अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलाया गया। धमतरी जिले में करेली बड़ी के अलावा कुरूद, रुद्री, नगरी, अर्जुनी, कुकरेल, मगरलोड, नारधा, भखारा, बिरेझर, दुगली, अकलाडोंगरी और बोराई सहित विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।


No comments