खाद्य विभाग के पोर्टल में रकबा दर्जीकरण में गड़बड़ी...झूरा नवागांव के किसानों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Pradeep Ganjeer
0


छत्तीसगढ़ कौशल न्युज 

धमतरी:- प्राथमिक कृषि साख समिति दोनर के अंतर्गत ग्राम झूरा नवागांव के किसानों का रकबा खाद्य विभाग के पोर्टल में गलत दर्ज होने से पूरे गांव के किसान भारी संकट से जूझ रहे हैं। किसानों ने बताया कि तुवर टोकन कटाने के दौरान जब रकबा जांचा गया, तो किसी का रकबा कम तो किसी का अधिक पाया गया, जबकि भुइंया पोर्टल एवं गिरदावरी में सभी रकबे सही दर्ज हैं। जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि ग्राम नवागांव कंडेल का रकबा गलती से झूरा नवागांव के किसानों के नाम मैपिंग हो गया है। त्रुटि के बाद दोनर सोसायटी ने संबंधित विभाग को जानकारी देकर सुधार हेतु लिखित सूचना खाद्य विभाग को प्रेषित कर दी है।

          इधर, 17 नवंबर 2025 से धान खरीदी प्रारंभ होने जा रही है। ऐसे समय में रकबा दर्जीकरण की गड़बड़ी ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है। समाधान की उम्मीद में ग्राम झूरा नवागांव के किसानों एवं जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या से अवगत कराया और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने पहुंचे प्रतिनिधि मंडल में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष केशव साहू, सरपंच फलेनद साहू, डोमन, राजेंद्र तोरण सिंह, अरुण साहू, जागेश्वर, धूलेश्वर निषाद, आत्मा साहू, भैया लाल सहित अनेक ग्रामीण किसान शामिल थे।ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की कि खाद्य विभाग के पोर्टल में गलत मैपिंग को तत्काल सुधारा जाए, ताकि आगामी धान खरीदी में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top