छत्तीसगढ़ कौशल न्युज कुरूद:- चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर कुरूद में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का माहौल पूरे उल्लास के साथ देखने को मिल ...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
कुरूद:- चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर कुरूद में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का माहौल पूरे उल्लास के साथ देखने को मिल रहा है। प्रथम दिवस पर नेशनल हाइवे स्थित माँ काली एवं छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर दीप ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। मंदिर के संस्थापक, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक गुरमुख सिंह होरा ने सपत्नीक पहुँचकर माता शक्ति की आराधना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वर्ष मंदिर परिसर में 508 तेल ज्योति कलश एवं 42 घी के मनोकामना दीप प्रज्ज्वलित किए गए हैं, जिससे पूरा मंदिर परिसर जगमगाता नजर आया। नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही नगर के प्रमुख देवी मंदिरों माँ चंडी, शीतला माता, काली माता सहित घरों में ज्योत जावरा भी ज्योति प्रज्ज्वलन कर शक्ति स्वरूपा माँ दुर्गा की उपासना आरंभ हो चुकी है।
गुरुवार को हिन्दू नववर्ष के आगमन के साथ जय माँ काली छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर, माँ चंडी मंदिर कुरूद सहित अंचल के विभिन्न देवी मंदिरों में विधिवत ज्योति कलश स्थापना, आरती-पूजन एवं प्रसादी वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने माता के समक्ष जनकल्याण एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। नवरात्रि के अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जय महाकाली छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर कुरूद में भव्य मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। मेले में मीना बाजार सहित विभिन्न प्रकार के आकर्षक झूले एवं मनोरंजन के साधन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
इस वर्ष मेले में ऑक्टोपस झूला, टोरा-टोरा, हवाई झूला, सुपर ड्रैगन, ब्रेकडांस झूला, भूत बंगला, मिक्की माउस, टाइटैनिक, रेंजर झूला, बेबी झूला, ट्रेन सालंबो, मौत का कुआं, मोटर बाइक एवं स्कॉर्पियो स्टंट शो के साथ विभिन्न राज्यों से आई सुसज्जित दुकानें विशेष आकर्षण प्रस्तुत करेंगी।कुरूद में चैत्र नवरात्रि के इस पावन पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्सव का वातावरण बना हुआ है।


No comments