छत्तीसगढ़ कौशल न्युज कुटराबोड़: - दिल्ली मारथोमा पब्लिक स्कूल कुटराबोड़ में वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं नवनिर्मित भवन के लोकार्पण कार्यक्रम क...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
कुटराबोड़:- दिल्ली मारथोमा पब्लिक स्कूल कुटराबोड़ में वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं नवनिर्मित भवन के लोकार्पण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था के डायरेक्टर एवं अतिथियों द्वारा रिबन काटकर नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर स्कूल में स्मार्ट क्लास का भी शुभारंभ किया गया, जिससे क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सकेगी।कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह में राइट रेव. ज़खारियास मार अपरेम (अध्यक्ष), वेरी रेव. डेनियल थॉमस (प्रबंधक), रेव. शाजिन शाजी (प्राचार्य) एवं शकीबा फ़रज़ाना (उप प्राचार्य) की विशेष उपस्थिति रही।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि स्मार्ट क्लास के माध्यम से बच्चों को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए उनके स्किल डेवलपमेंट पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि वे भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें और अपनी प्रतिभा को निखार सकें।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं नन्हे-मुन्ने बच्चों ने स्वागत वंदन गीत एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुति देखकर उपस्थित अभिभावकगण मंत्रमुग्ध हो गए और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरे परिसर को गुंजायमान कर दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व विधायक इंदू बंजारे ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा जीवन का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा, “शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जो पिएगा वह दहाड़ेगा।” उन्होंने विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि कभी परिणाम अपेक्षा के अनुरूप न आए तो निराश न हों, बल्कि निरंतर प्रयास करते रहें, क्योंकि मेहनत करने वालों को सफलता अवश्य मिलती है। समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।


No comments