छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- देवेन्द्र सिंह आजमानी को शासन की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की स्वीकृति मिलने पर उन्होंने खुशी...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- देवेन्द्र सिंह आजमानी को शासन की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की स्वीकृति मिलने पर उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू से मुलाकात कर राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने श्रीमती साहू को धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब एवं आवासहीन परिवारों के लिए अत्यंत कल्याणकारी योजना है, जिससे लाखों परिवारों को लाभ मिला है।
आजमानी ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर योजना के लिए आभार व्यक्त किया था, जिसके जवाब के साथ मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्हें भी आवास की स्वीकृति प्रदान की गई। उन्होंने श्रीमती रंजना साहू की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि वे हमेशा जनता के बीच उपस्थित रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करती हैं। उनका विधायक कार्यकाल अविस्मरणीय रहा है और वर्तमान में भी वे संगठन को मजबूती प्रदान करते हुए जिले में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
इसी दौरान शहर में “पहलवान” के नाम से प्रसिद्ध लक्ष्मण साहू के आमंत्रण पर श्रीमती साहू उनके प्रतिष्ठान पहुंचीं। यहां लक्ष्मण पहलवान ने आगामी वृहद कुश्ती आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी और धमतरी में कुश्ती खेल को बढ़ावा देने तथा पहलवानों को निरंतर सहयोग के लिए आभार जताया।बैठक में धमतरी जिले के युवाओं को खेलों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई। उल्लेखनीय है कि धमतरी में कुश्ती खेल को पहचान दिलाने में लक्ष्मण साहू का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।


No comments