छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- पुलिस की डायल-112 (ईआरवी) सेवा आम नागरिकों के लिए भरोसेमंद आपातकालीन सहायता प्रणाली के रूप में तेजी से स्थापित...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- पुलिस की डायल-112 (ईआरवी) सेवा आम नागरिकों के लिए भरोसेमंद आपातकालीन सहायता प्रणाली के रूप में तेजी से स्थापित हो रही है। सेवा के शुभारंभ के एक माह के भीतर ही जिलेभर में 800 से अधिक प्रकरणों में त्वरित रिस्पॉन्स देकर पुलिस ने जनसेवा और संवेदनशील पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में संचालित डायल-112 टीमों ने 12 से 14 जून 2026 के बीच विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्राप्त सड़क दुर्घटना, चिकित्सा आपातकाल, जमीनी विवाद, पारिवारिक विवाद, प्रसव सहायता और कानून-व्यवस्था संबंधी मामलों में तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत प्रदान की।
सिहावा थाना क्षेत्र में भारत पेट्रोल पंप के पास वाहन से गिरकर घायल हुए व्यक्ति को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं कुरूद थाना क्षेत्र में जमीनी एवं पारिवारिक विवादों की सूचनाओं पर पहुंचकर पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया।
भखारा थाना क्षेत्र के मडाई भाटा मोखा रोड में खेत की मेड़ निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद को ईआरवी टीम ने मौके पर पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाया तथा दोनों पक्षों को नियमानुसार सीमांकन कराने की सलाह दी।
मगरलोड थाना क्षेत्र में मोबाइल फोन पर धमकी, गाली-गलौज और वाद-विवाद से संबंधित शिकायतों पर पुलिस ने पहुंचकर आवश्यक कानूनी सलाह और समझाइश दी।डायल-112 टीमों ने जरूरतमंदों को त्वरित चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई। ग्राम भुसरेंगा में घायल व्यक्ति, नवागांव में प्रसव पीड़ा से पीड़ित गर्भवती महिला तथा ग्राम राखी में दुर्घटना में घायल दो व्यक्तियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
अर्जुनी थाना क्षेत्र में महिंद्रा शोरूम के सामने सड़क दुर्घटना में घायल हुए संजय सफल को उनकी पत्नी के साथ उपचार के लिए मसीह अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं कुरूद के ग्राम कुर्रा में जहर सेवन करने वाले व्यक्ति को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उपचार सुनिश्चित कराया गया।पारिवारिक और सामाजिक विवादों के मामलों में भी डायल-112 टीमों ने संवेदनशीलता के साथ हस्तक्षेप करते हुए कई विवादों को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास किया।धमतरी पुलिस के अनुसार डायल-112 सेवा चौबीसों घंटे आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए कार्यरत है। त्वरित प्रतिक्रिया, मानवीय संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के कारण यह सेवा जिले में विश्वास और सुरक्षा का मजबूत आधार बनकर उभरी है।


No comments