छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
मगरलोड:- ग्राम चारभट्ठा तहसील मगरलोड की रहने वाली एक वृद्ध एवं एक पैर से दिव्यांग महिला ने अपने बड़े बेटे और उसके परिवार पर पैतृक भूमि पर कब्जा करने, गाली-गलौज करने तथा घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़िता ने संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
आवेदन के अनुसार, सुखलीन बाई साहू ने बताया कि उनके पति स्वर्गीय रामभरोसा साहू के नाम पर लगभग 5 एकड़ भूमि दर्ज थी। पति के निधन के बाद बड़े पुत्र द्वारा कथित रूप से अन्य वारिसों की जानकारी और सहमति के बिना राजस्व अभिलेखों में अपना नाम दर्ज करा लिया गया। जब इस संबंध में परिवार द्वारा आपत्ति जताई गई, तो विवाद बढ़ गया।
एक पैर से दिव्यांग होने के कारण पहले से ही कठिन जीवन व्यतीत कर रही महिला का आरोप है कि बड़े पुत्र, उसकी पत्नी एवं अन्य परिजनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। वर्तमान में वह अपनी छोटी बेटी के घर रह रही हैं। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उनकी पैतृक भूमि पर जबरन कब्जा कर खेती की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा अपनी भूमि वापस दिलाने की मांग की है।
फिलहाल मामले की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।


