छत्तीसगढ़ कौशल न्युज रायपुर:- छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ रायपुर एवं छत्तीसगढ़ धान खरीदी ऑपरेटर महासंघ रायपुर के संयुक्त तत्वावध...
रायपुर:- छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ रायपुर एवं छत्तीसगढ़ धान खरीदी ऑपरेटर महासंघ रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में लंबित चार सूत्रीय मांगों को लेकर 20 जुलाई को नया रायपुर स्थित तुता धरना स्थल पर महा ज्ञापन रैली एवं धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। आंदोलन को सफल बनाने के लिए 16 जुलाई की शाम 7 बजे ऑनलाइन गूगल मीट के माध्यम से प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई।बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों एवं सभी जिला अध्यक्षों ने भाग लेकर आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। निर्णय लिया गया कि 20 जुलाई को प्रदेशभर की सहकारी समितियों के दैनिक, संविदा एवं नियमित कर्मचारी अपने परिवार सहित आंदोलन में शामिल होंगे। इसके लिए प्रत्येक समिति से वाहन की व्यवस्था की जाएगी तथा वाहनों पर महासंघ के बैनर लगाए जाएंगे। समिति प्रबंधक अपने-अपने कर्मचारियों के साथ रैली में शामिल होंगे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि आंदोलन की तैयारी एवं व्यवस्थाओं के लिए प्रत्येक कर्मचारी से ₹100 की सहयोग राशि ली जाएगी। साथ ही प्रदेश के सभी 33 जिला अध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि वे 16 एवं 17 जुलाई को महासंघ के लेटरपैड पर मांगपत्र तथा जिला संघ के कवरिंग लेटर के साथ स्थानीय समाचार पत्रों एवं विभिन्न मीडिया माध्यमों में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन मिल सके।महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कुमार साहू एवं ऋषिकांत मोहरे ने बताया कि लंबित चार सूत्रीय मांगों के निराकरण के लिए यह आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशभर के सहकारी समिति कर्मचारियों एवं धान खरीदी ऑपरेटरों से अपील की कि वे अपने परिवार सहित बड़ी संख्या में 20 जुलाई को नया रायपुर के तुता धरना स्थल पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाएं।


No comments