छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- ग्राम मंडाईभाठा निवासी श्रीमती ललिता यादव की शिकायत पर थाना भखारा में डेढ़ माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद ...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- ग्राम मंडाईभाठा निवासी श्रीमती ललिता यादव की शिकायत पर थाना भखारा में डेढ़ माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने तथा इसी प्रकरण के बीच थाना प्रभारी शरद ताम्रकर को लाइन अटैच किए जाने पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धमतरी ग्रामीण के अध्यक्ष खिलेन्द्र ध्रुव ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।खिलेन्द्र ध्रुव ने बताया कि पीड़िता ने 13 मई 2026 को थाना भखारा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में गाली-गलौज, अश्लील एवं अभद्र व्यवहार, जान से मारने की धमकी तथा मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि घटना के प्रत्यक्षदर्शी गवाह और वीडियो साक्ष्य उपलब्ध होने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि लगभग 25–26 दिन पूर्व सिहावा थाना से स्थानांतरित होकर भखारा आए थाना प्रभारी की कार्यशैली से शासन एवं पुलिस प्रशासन संतुष्ट नहीं था, तो उन्हें भखारा जैसे संवेदनशील थाना में पदस्थ क्यों किया गया? वहीं यदि उनकी कार्यप्रणाली संतोषजनक थी, तो इतने कम समय में उन्हें लाइन अटैच करने की आवश्यकता क्यों पड़ी? यह पूरी स्थिति पुलिस प्रशासन की नियुक्ति प्रक्रिया, निगरानी और जवाबदेही पर प्रश्नचिह्न लगाती है।
खिलेन्द्र ध्रुव ने कहा कि महिला संबंधी गंभीर मामलों में समय पर अपराध दर्ज नहीं होना अत्यंत चिंताजनक है। इससे आम नागरिकों का न्याय व्यवस्था और पुलिस प्रशासन पर विश्वास कमजोर होता है। पुलिस का दायित्व पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना है, न कि उन्हें लगातार थाने के चक्कर लगाने के लिए मजबूर करना।उन्होंने बताया कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धमतरी ग्रामीण ने प्रशासन को तीन दिवस का अल्टीमेटम दिया है। यदि निर्धारित अवधि के भीतर एफआईआर दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो प्रथम चरण में थाना भखारा के थाना प्रभारी एवं संबंधित अधिकारियों के विरोध में प्रतीकात्मक पुतला दहन किया जाएगा। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर द्वितीय चरण में कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ थाना भखारा का शांतिपूर्ण घेराव कर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
खिलेन्द्र ध्रुव ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और न्याय के मुद्दे पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धमतरी ग्रामीण किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। पीड़िता को न्याय मिलने तक लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा तथा आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति की जिम्मेदारी जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की होगी।उन्होंने मांग की कि मंडाईभाठा प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर पूरे घटनाक्रम की जवाबदेही तय की जाए तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही या दोष पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।


No comments