छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तायुक्त एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने और बीज वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सु...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तायुक्त एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने और बीज वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय निरीक्षण दल ने शनिवार को धमतरी जिले के विकासखंड कुरूद अंतर्गत ग्राम बंजारी स्थित मैसर्स पान सीड्स प्रा. लि. के बीज प्रसंस्करण एवं भंडारण परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर लगभग 75 हजार बोरी धान बीज के विक्रय, आपूर्ति एवं उपयोग पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। साथ ही संबंधित फर्म को तीन दिवस के भीतर कारण बताओ नोटिस का जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
संचालक कृषि राहुल देव के निर्देश पर संचालनालय कृषि एवं जिला स्तरीय अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा की गई जांच में पाया गया कि संबंधित कंपनी द्वारा बीजों की ग्रेडिंग, प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग संबंधी आवश्यक जानकारी जिला कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराई गई थी। इसके अलावा लाइसेंस में स्वीकृत किस्मों के अतिरिक्त अन्य किस्मों के बीजों का भंडारण, पैकेजिंग सामग्री का उपयोग एवं वितरण से संबंधित अनियमितताएं भी पाई गईं।अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए निरीक्षण दल ने परिसर में उपलब्ध कच्चे एवं ग्रेडेड धान बीज के साथ समस्त पैकेजिंग सामग्री के विक्रय, आपूर्ति एवं उपयोग पर तत्काल रोक लगा दी। साथ ही पैक किए गए धान बीजों के नमूने लेकर परीक्षण के लिए राज्य बीज परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता तथा बीज अधिनियम एवं नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण दल में संचालनालय कृषि से उप संचालक मयंक बघेल, सहायक संचालक जितेंद्र ठाकुर, जिला स्तर से कृषि विकास अधिकारी एवं बीज निरीक्षक रामकुमार साहू, कृषि विकास अधिकारी चैश कुमार सार्वा, तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी मयंक नागवंशी एवं आदित्य कुमार मेश्राम शामिल रहे।


No comments