छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- जल आपूर्ति, स्वच्छता और सुरक्षित जीवन व्यवस्था में अहम भूमिका निभाने वाले प्लंबरों के हितों की रक्षा, सम्मान, ...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- जल आपूर्ति, स्वच्छता और सुरक्षित जीवन व्यवस्था में अहम भूमिका निभाने वाले प्लंबरों के हितों की रक्षा, सम्मान, अधिकारों, कौशल विकास और सामाजिक एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से आशीर्वाद प्लंबर कल्याण संघ का विधिवत गठन रूद्रेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना एवं आशीर्वाद के साथ किया गया।गठन बैठक में सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया। इसमें शिवा साहू को जिलाध्यक्ष, कुलेश्वर साहू को उपाध्यक्ष, चित्रसेन को सचिव, डेमन साहू को कोषाध्यक्ष, टिकेश्वर दास मानिकपुरी को मीडिया प्रभारी तथा डोमार साहू एवं बाबूलाल को संरक्षक नियुक्त किया गया। बैठक में सदस्य राजकुमार, सोहन, उत्तम देवांगन, रितेश साहू, नीलकमल, मनीष, मुकेश कुमार साहू, ओम कुमार साहू, लोकेश्वर, चेतन, गणपत, श्रवण कुमार, गुलशननंदन, सुनील, हेमंत, नेमन, संदीप, छबिलाल, जयकिशन एवं दुर्वासा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि प्लंबर केवल पाइपलाइन जोड़ने का कार्य नहीं करते, बल्कि प्रत्येक घर, संस्थान और उद्योग तक स्वच्छ एवं सुरक्षित जल पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके बावजूद इस वर्ग को अपेक्षित पहचान और सुविधाएं नहीं मिल पातीं। संघ का उद्देश्य प्लंबर साथियों के हितों की रक्षा करना, उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करना, तकनीकी प्रशिक्षण एवं कौशल उन्नयन को बढ़ावा देना, युवाओं को रोजगार से जोड़ना तथा जरूरत के समय सदस्यों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराना है।उन्होंने बताया कि संगठन समय-समय पर प्रशिक्षण शिविर, जागरूकता अभियान, सामाजिक सेवा कार्यक्रम एवं जनहित के कार्यों का आयोजन करेगा, जिससे प्लंबर समुदाय आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त बन सके। कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने रूद्रेश्वर महादेव का आशीर्वाद लेकर संगठन को मजबूत बनाने, प्लंबर समाज के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने तथा समाज सेवा के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करने का संकल्प लिया।


No comments