छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
कुरुद:- किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर 27 अक्टूबर 2026 को नया रायपुर स्थित महानदी भवन के समक्ष प्रस्तावित अन्नदाता गर्जना रैली की तैयारी के संबंध में कुरुद कृषि उपज मंडी में भारतीय किसान संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धमतरी जिले के धमतरी, कुरुद, नगरी एवं मगरलोड ब्लॉक के पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान रैली को सफल बनाने और अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाई गई। बैठक में किसानों के हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया। इनमें गोवंदन योजना लागू करने, जी-राम-जी योजना को गौ संरक्षण एवं संवर्धन से जोड़ने, वर्ष 2022-23 की धान खरीदी के बकाया 1700 करोड़ रुपये का तत्काल भुगतान करने तथा समर्थन मूल्य में वृद्धि का लाभ देते हुए 3358 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी करने की मांग शामिल है।
इसके साथ ही किसानों ने धान खरीदी की अवधि 15 नवंबर से 15 फरवरी तक निर्धारित करने, प्रति तौल अधिकतम 40 किलो 700 ग्राम तय करने, बाढ़ से प्रभावित फसलों का सर्वे कर उचित मुआवजा देने तथा टोकन व्यवस्था में सुधार करने की मांग उठाने पर चर्चा की। किसानों पर दबाव डालकर बैंक खाते समर्पित कराने की प्रक्रिया बंद करने की मांग भी रैली में प्रमुखता से रखी जाएगी।
सिंचाई, खाद और समर्थन मूल्य के मुद्दे भी उठेंगे
बैठक में अधूरी सिंचाई परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने, पैरी हाईडैम जैसी नई परियोजनाओं को स्वीकृति देने तथा खाद की अधिक कीमत पर बिक्री पर रोक लगाने की मांग की गई। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया उदयपुर डिक्लेरेशन के अनुरूप करने के साथ मक्का और गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों को भी रैली में उठाने पर सहमति बनी।भारतीय किसान संघ के धमतरी जिला अध्यक्ष लालाराम चंद्राकर ने किसानों के हितों से जुड़ी मांगों को लेकर अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों की समस्याओं को संगठित रूप से सामने लाने और उनके समाधान के लिए एकजुटता पर जोर दिया।
बैठक के बाद किया वृक्षारोपण
बैठक के उपरांत कृषि उद्यानिकी केंद्र, भाटागांव में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर ललित सिंह, दुलार सिंह, विनय साहू, ठाकुर राम साहू, हेमेंद्र साहू, टोमन साहू, प्रदीप चंद्राकर, शत्रुघ्न साहू, तुमेंद्र साहू, राजकुमार चंद्राकर, रामेश्वर सिंह, हीरालाल साहू, प्रदीप यादव, ओंकार चंद्राकर, लालाराम चंद्राकर, गजाधर यादव, सनी बैश, सेवक राम साहू, खिलावन चंद्राकर, संतराम साहू, डोमन साहू सहित विभिन्न तहसीलों के पदाधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।


