छत्तीसगढ़ कौशल न्युज कुरुद:- छत्तीसगढ़ में किसानों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, नशे के कारोबार और आवारा मवेशियों से जुड़ी समस्याओं को ल...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
कुरुद:- छत्तीसगढ़ में किसानों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, नशे के कारोबार और आवारा मवेशियों से जुड़ी समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी कुरुद ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने प्रदेश की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग करते हुए शासन का ध्यान जनहित के मुद्दों की ओर आकर्षित कराया।आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष विनोद सचदेव ने बताया कि पार्टी द्वारा एग्रीस्टेक एवं रकबा समर्पण के नाम पर किसानों के साथ कथित धोखाधड़ी, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने, खराब सड़कों की मरम्मत, बढ़े हुए बिजली बिलों से राहत, अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने तथा सड़कों पर घूम रहे मवेशियों के व्यवस्थापन सहित 7 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया है।
इस दौरान जिला यूथ विंग अध्यक्ष ललित नगारची ने कहा कि प्रदेश के किसान विभिन्न समस्याओं से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को इस वर्ष भी महंगी यूरिया खाद खरीदनी पड़ी है। उन्होंने एग्रीस्टेक और रकबा समर्पण के नाम पर किसानों को होने वाली परेशानियों को दूर करने की मांग की। साथ ही कहा कि किसानों की समस्याओं का समय पर निराकरण किया जाना चाहिए, ताकि किसी भी किसान को आत्महत्या जैसे कदम उठाने के लिए मजबूर न होना पड़े।ललित नगारची ने सरकारी शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद बच्चों के लिए सरकारी शिक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की।
आप नेताओं ने प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी चिंता जताते हुए अस्पतालों में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा जर्जर सड़कों की मरम्मत, बिजली बिलों से उपभोक्ताओं को राहत, अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई तथा सड़कों पर बैठे मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उनके उचित व्यवस्थापन की मांग रखी।ज्ञापन के माध्यम से आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में उक्त समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग करते हुए शासन-प्रशासन से जनहित में प्रभावी कदम उठाने की मांग की।


No comments