अन्नदाता गर्जना रैली सम्पन्न: महानदी भवन घेराव को पुलिस ने रोका, किसानों ने ज्ञापन सौंपकर प्रदर्शन समाप्त

Pradeep Ganjeer
0



छत्तीसगढ़ कौशल न्युज 

 

रायपुर:- भारतीय किसान संघ के बैनर तले मंगलवार (27 अक्टूबर 2026) को आयोजित ‘अन्नदाता गर्जना रैली’ सम्पन्न हो गई। नवा रायपुर के तूता धरना स्थल पर जुटे सैकड़ों-हजारों किसानों ने धान बोनस, समर्थन मूल्य वृद्धि और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। महानदी भवन (मंत्रालय) का घेराव करने निकले किसानों को पुलिस ने रेलवे ब्रिज के पास बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसके बाद किसानों ने सड़क पर धरना दिया, ज्ञापन सौंपा और मांगों पर विचार का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर वापस लौट गए।प्रदर्शन में प्रदेशभर से किसान शामिल हुए। संघ के प्रदेश अध्यक्ष माधो सिंह और प्रदेश महामंत्री नवीन शेष सहित जिला पदाधिकारियों ने नेतृत्व किया। किसानों ने 10 सूत्रीय मांगें दोहराईं, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं,


2022-23 की धान खरीदी का लगभग 1700 करोड़ रुपये बकाया तत्काल भुगतान।

तीन वर्षों की 258 रुपये समर्थन मूल्य वृद्धि का लाभ देते हुए धान खरीदी 3358 रुपये प्रति क्विंटल पर।

धान खरीदी 15 नवंबर से 15 फरवरी तक और प्रति तौल अधिकतम 40 किलो 700 ग्राम की सीमा।

बाढ़ से फसल हानि का तत्काल सर्वे व क्षतिपूर्ति।

टोकन व्यवस्था में सुधार (बड़े किसानों को 5, लघु को 3, सीमांत को 2)।

अधूरी सिंचाई योजनाओं (अरपा-भैंसाझार आदि) में तेजी और पेटी हाइडम जैसी परियोजनाओं को स्वीकृति।

अधिक मूल्य पर खाद बिक्री पर कार्रवाई।

गौवंवन/गौवर्धन योजना लागू कर रासायनिक खाद के स्थान पर गोबर खाद को बढ़ावा।

मक्का व गेहूं की भी समर्थन मूल्य पर खरीदी।


पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी। किसानों ने संबंधित अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपा। आश्वासन मिलने के बाद करीब एक घंटे तक चले धरने के बाद वे शांतिपूर्वक लौट गए। कुछ किसानों ने खदानों और नहर तोड़ने जैसे स्थानीय मुद्दों का भी विरोध जताया।यह प्रदर्शन धान खरीदी सीजन शुरू होने से पहले किसानों की मांगों को सरकार तक पहुंचाने का माध्यम बना। संघ ने कहा कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो आगे और आंदोलन किए जाएंगे।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top