छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
भिलाई:- वरिष्ठजन कल्याण महासंघ के पदाधिकारियों ने समाज कल्याण विभाग के उप संचालक एपी गौतम से उनके कार्यालय में मुलाकात कर समाज कल्याण के क्षेत्र में वरिष्ठजनों की भूमिका सहित विभिन्न मुद्दों पर सार्थक चर्चा की।महासंघ के अध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन ने संगठन द्वारा वरिष्ठजनों के कल्याण के लिए संचालित रचनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महासंघ वरिष्ठ नागरिकों के साथ महिलाओं, युवाओं और बच्चों के समग्र विकास के लिए भी योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रहा है। इसका उद्देश्य पीढ़ियों के बीच की दूरी को कम करना है।महासंघ द्वारा नशामुक्ति अभियान, साइबर फ्रॉड जागरूकता, स्वास्थ्य परीक्षण, जरूरतमंदों को सहयोग, वरिष्ठजनों का सामूहिक जन्मोत्सव, सम्मान समारोह तथा साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान अध्यक्ष ने वरिष्ठ नागरिकों की विभिन्न समस्याओं से उप संचालक को अवगत कराते हुए शासन स्तर पर उनके त्वरित समाधान का अनुरोध किया।
उप संचालक एपी गौतम ने महासंघ की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि शासन और समाज कल्याण विभाग का उद्देश्य जनकल्याण है। इस दिशा में महासंघ जैसी संस्थाओं का योगदान महत्वपूर्ण एवं सराहनीय है। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके क्रियान्वयन में सहयोग करने का आग्रह किया।महासंघ के पदाधिकारियों ने शासन एवं समाज कल्याण विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर महासंघ के कोषाध्यक्ष दिनेश गुप्ता एवं धानेश्वर कुमार निर्मल भी उपस्थित रहे।


