छत्तीसगढ़ कौशल न्युज कुरुद:- ए.जे. इंग्लिश स्कूल कुरुद में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस का संयुक्त कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं भक्तिमय...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
कुरुद:- ए.जे. इंग्लिश स्कूल कुरुद में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस का संयुक्त कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना तथा भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा धारण कर सुंदर नृत्य, भजन एवं मटकी फोड़ की प्रस्तुति दी। बच्चों की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।शिक्षक दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार एवं सदाचार के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के संचालक श्री अय्यूब खान एवं प्राचार्य श्री एस. एन. पंडा ने विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म, कर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है, वहीं शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में शिक्षक विजय साहू, मिलेश्वर साहू, दुर्गेश साहू, चुरामीन साहू, डोवेश साहू, केशकुमारी साहू, फनेश्वरी साहू, खिलेश्वरी साहू, प्रमिला पंडा, रामानंद पाल, तारनी देवांगन, दामिनी ध्रुव, नंदनी सिन्हा, इफरा खान एवं वीणा यादव सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को प्रसाद वितरित किया गया। संयुक्त आयोजन ने विद्यार्थियों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक संस्कारों के साथ गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना को भी मजबूत किया।


No comments