छत्तीसगढ़ कौशल न्युज अभनपुर:- ग्रेसियस कॉलेज में विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित ए...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
अभनपुर:- ग्रेसियस कॉलेज में विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग का संदेश देने के उद्देश्य से “साइबर क्राइम से आजादी” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ग्रेसियस कॉलेज एवं साइबर सेल, अभनपुर थाना के संयुक्त सहयोग से किया गया, जिसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रिया तिवारी ने अतिथियों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए साइबर सुरक्षा के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में तकनीक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है, लेकिन इसके साथ साइबर अपराधों का खतरा भी बढ़ा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का जागरूक एवं सतर्क रहना आवश्यक है।
संस्था के संचालक डॉ. आशुतोष शुक्ला ने विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक के सुरक्षित उपयोग के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और समाज को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता PIS श्री विमल खरे एवं श्री अविनाश ने ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल एवं मैसेज, OTP फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा, फर्जी लिंक, साइबर ठगी एवं व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग सहित साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों की जानकारी दी।
श्री अविनाश ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचाव का महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा—“रुकिए, सोचिए, फिर एक्शन लीजिए।” उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी अक्सर लोगों को जल्दबाजी में निर्णय लेने के लिए प्रेरित करते हैं। इसलिए किसी संदिग्ध कॉल, मैसेज, लिंक या ऑनलाइन ऑफर पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय पहले उसकी सत्यता की जांच करनी चाहिए।वक्ताओं ने विद्यार्थियों को OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी अथवा व्यक्तिगत जानकारी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान एप्लीकेशन डाउनलोड करने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध की स्थिति में उचित कदम उठाने एवं शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से संबंधित सवाल पूछकर सक्रिय सहभागिता निभाई।कार्यक्रम का मंच संचालन सुश्री अदिती पाण्डेय, सहायक प्राध्यापक, कंप्यूटर साइंस विभाग ने किया। समापन अवसर पर श्रीमती वेणुका निषाद ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।इस अवसर पर सुश्री पल्लवी सिन्हा, श्री नीलेश कंसारी, श्री तेज राम, सुश्री योगिता साहू, श्री राजेन्द्र साहू एवं सुश्री जया साहू सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।मीडिया प्रभारी डॉ. मुक्ता कौशिक, एसोसिएट प्रोफेसर, ग्रेसियस कॉलेज ऑफ एजुकेशन, अभनपुर ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराध से बचें” का संदेश दिया गया।


No comments