छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- अमर शहीद मिंधू कुम्हार की पुण्यतिथि के अवसर पर अमर शहीद मिंधू कुम्हार सामुदायिक भवन धमतरी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कुम्हार समाज के पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने शहीद मिंधू कुम्हार के चित्र पर पूजा-अर्चना कर पुष्पांजलि अर्पित की और देश की आजादी में उनके योगदान एवं संघर्ष को याद किया।कार्यक्रम में कुम्हार समाज जिला अध्यक्ष गगन कुंभकार ने शहीद मिंधू कुम्हार के जीवन संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्ष 1930 में अंग्रेजों द्वारा जंगल से मवेशियों के चारे के लिए घास काटने पर भी टैक्स लगाया गया था। इस कानून के विरोध में शहीद मिंधू कुम्हार के नेतृत्व में बेंद्रानवागांव-रुद्री क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों ने जंगल सत्याग्रह किया।उन्होंने बताया कि सत्याग्रह के दौरान ग्रामीण हाथों में हंसिया लेकर घास काटने के लिए जंगल की ओर बढ़े। इसी दौरान अंग्रेजों ने फायरिंग का आदेश दिया। गोलीबारी में शहीद मिंधू कुम्हार के सीने में गोली लगी। उन्होंने भारत माता की जय का उद्घोष करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी।
गगन कुंभकार ने कहा कि जंगल सत्याग्रह के प्रणेता शहीद मिंधू कुम्हार का देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनकी शहादत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। पुण्यतिथि के अवसर पर समाजजनों ने उनके बलिदान को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में केंद्र प्रधान विजय कुंभकार, रामस्वरूप कुंभकार, बालकृष्ण कुंभकार, कोषाध्यक्ष उमेश प्रसाद पांडे, खिलेश कुंभकार, सचिव सुभाष कुंभकार, सुंदरलाल कुंभकार, अरुण कुंभकार, टिकेश्वर कुंभकार, जगदीश कुंभकार, धनेश कुंभकार सहित समाज के पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।


