छत्तीसगढ़ कौशल न्युज अभनपुर: - ग्रेसियस कॉलेज ऑफ एजुकेशन, अभनपुर के श्री ओंकार ऑडिटोरियम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए दीक्...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
अभनपुर:- ग्रेसियस कॉलेज ऑफ एजुकेशन, अभनपुर के श्री ओंकार ऑडिटोरियम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए दीक्षारंभ समारोह ‘परिचय’ का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं मंचासीन अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन तथा छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना के साथ हुआ।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अभनपुर क्षेत्र के विधायक इंद्र कुमार साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रेसियस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संचालक डॉ. आशुतोष शुक्ला ने की। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रिया तिवारी ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंटकर अभिनंदन किया। उन्होंने नवागंतुक विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए संस्थान के शैक्षणिक मानकों, सह-शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी दी।
समारोह का मुख्य आकर्षण राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की वार्षिक पत्रिका का विमोचन रहा। मुख्य अतिथि विधायक इंद्र कुमार साहू, संचालक डॉ. आशुतोष शुक्ला एवं प्राचार्य डॉ. रिया तिवारी ने संयुक्त रूप से पत्रिका का विमोचन किया। पत्रिका में NSS स्वयंसेवकों द्वारा वर्षभर किए गए समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं ग्रामीण विकास से संबंधित अभियानों को शामिल किया गया है।इस अवसर पर विधायक इंद्र कुमार साहू ने NSS इकाई के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह चरित्र निर्माण और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, मेहनत और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. आशुतोष शुक्ला ने नए सत्र के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रेसियस संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों को भी प्राथमिकता देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इससे समारोह का माहौल उत्साह एवं उमंग से भर गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण, गैर-शैक्षणिक कर्मचारी, NSS स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्रगान एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।कार्यक्रम की जानकारी महाविद्यालय की मीडिया प्रभारी सहायक प्राध्यापक डॉ. मुक्ता कौशिक ने दी।


No comments