छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
कुरूद:- शारदीय नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर नगर के नेशनल हाईवे स्थित जय महाकाली एवं छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर में विधि-विधान के साथ भव्य हवन-पूजन संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित यज्ञ में नगर सहित ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। माता के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। मंदिर के संस्थापक एवं संरक्षक, धमतरी के पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह होरा सपरिवार मंदिर पहुंचे और शुभ मुहूर्त में माता की पूजा-अर्चना की। हवन-यज्ञ के दौरान औषधीय गुणों से युक्त हवन सामग्री का उपयोग किया गया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर पूर्णाहुति में भाग लिया तथा परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
नवरात्रि की अष्टमी पर माता महागौरी की पूजा का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी परंपरा के अनुरूप मंदिर में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना की गई। हवन के पश्चात नौ कन्याओं एवं लंगूरवा महाराज को विधि-विधान से भोजन कराया गया। इस दौरान गुरुमुख सिंह होरा एवं उनकी धर्मपत्नी ने कन्याओं के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया तथा उन्हें उपहार और दान-दक्षिणा प्रदान की।
आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। भक्तों ने माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।


