छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- भारतीय जनता पार्टी ने धमतरी क्षेत्र की पूर्व विधायक श्रीमती रंजना दीपेन्द्र साहू को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी इस नियुक्ति पर क्षेत्र में हर्ष और गर्व की लहर है। कार्यकर्ताओं, समाजजनों, विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उन्हें बधाई देने लगातार पहुंच रहे हैं।
रंजना साहू ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत से ही संगठन और सत्ता दोनों स्तरों पर पार्टी द्वारा सौंपे गए प्रत्येक दायित्व का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया है। विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और जनसमस्याओं के समाधान की तत्परता ने उन्हें जनता के बीच लोकप्रिय बनाया है। वे विभिन्न समाजों और वर्गों के धार्मिक व सामाजिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाती रही हैं तथा हर सुख-दुख में आमजन के साथ खड़ी रहती हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने पर धमतरी क्षेत्र के ग्रामों और नगरों के साथ ही ब्राम्हण समाज, साहू समाज, धीवर समाज, कलार समाज, सिंधी समाज, सतनामी समाज, आदिवासी समाज सहित अनेक समाजों के प्रतिनिधिमंडल उनसे भेंटकर शुभकामनाएं प्रेषित कर रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं व सामाजिक संगठनों के प्रमुखों ने भी उन्हें पुष्पगुच्छ और शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।इस अवसर पर रंजना साहू ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी मेरे लिए नई प्रेरणा है। मैं पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ पार्टी और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करूंगी।


