छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी :- विकसित भारत-जी राम जी योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आयुक्त एवं संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने ...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- विकसित भारत-जी राम जी योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आयुक्त एवं संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने कुरूद विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम धूमा में बालिका शौचालय, अमृत सरोवर और पंचायत भवन का जायजा लिया। श्रमिकों से संवाद कर मजदूरी भुगतान की स्थिति जानी और समय पर भुगतान के निर्देश दिए। अमृत सरोवर में स्व-सहायता समूह द्वारा किए जा रहे मछली पालन की जानकारी लेकर जल संरक्षण को ग्रामीण आजीविका से जोड़ने पर जोर दिया।
पंचायत भवन में क्यूआर कोड स्कैन कर पूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों की जानकारी ली तथा क्लार्ट ऐप, युक्तधारा पोर्टल और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की।इसके बाद चरमुड़िया आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की सुविधाओं, पोषण और स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान पौधरोपण भी किया गया।जनपद पंचायत कुरूद में अधिकारियों की बैठक लेकर ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कहा कि कार्ययोजना कागजी औपचारिकता नहीं, बल्कि गांवों के भविष्य की मजबूत नींव बने। उन्होंने जल संरक्षण, आजीविका, आधारभूत सुविधाओं और टिकाऊ परिसंपत्तियों को प्राथमिकता देने के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य एवं नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा सहित पंचायत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments